Showing posts with label जेंडर. Show all posts
Showing posts with label जेंडर. Show all posts

Thursday, 29 October 2015

नारीवाद (Feminism)


नारीवाद आज की दुनिया का एक प्रमुख नारा है। भारत में आज जिस प्रकार दलितवाद के एक नये उभार को देखा जा रहा है, दुनिया के पैमाने पर कमोबेश उसी प्रकार नारीवाद के उभार का इतिहास रहा है।
          नारीवाद का उदय फ्रेंच शब्द ''फेमिनिस्‍मे'' से 19 वीं सदी के दौर में हुआ। उस समय इस शब्‍द का प्रयोग पुरुष के शरीर में स्‍त्री गुणों के आ जाने अथवा स्‍त्री में पुरुषोचित व्‍यवहार के होने के संदर्भ में किया जाता था। 20 वीं सदी के प्रारम्भिक दशकों में संयुक्‍त राज्‍य अमेरिका में इस शब्‍द का प्रयोग कुछ महिलाओं के समूह को संबोधित करने के लिए किया गया जो स्त्रियों की एकता, मातृत्‍व के र‍हस्‍यों त‍था स्त्रियों की पवित्रता इत्‍यादि मुद्दों  पर एकजुट हुई थी। बहुत जल्‍द ही इस शब्‍द का राजनीतिक रुप से प्रयोग उन प्रतिबद्ध महिला समुहों के लिए किया जाने लगा जो स्त्रियों की सामाजिक स्थिति में परिवर्तन के लिए संघर्ष कर रहीं थी। उनकी इस बात में गहरी आस्‍था थी कि स्त्रियां भी मनुष्‍य हैं। बाद में इस शब्‍द का प्रयोग हर उस व्‍यक्ति के लिए किया जाने लगा जो यह मानते थे कि स्त्रियां अपनी जैवकीय भिन्‍नता के कारण शोषण झेलती हैं और उन्‍हें कम से कम कानून की दृष्टि में औपचारिक तौर पर समानता दिये जाने की जरुरत है। इसके बावजूद कि यह हालिया विकसित किया गया शब्‍द है, 18वीं सदी के कई लेखकों एवं चिंतकों जैसे मेरी बुल्‍सटनक्राफ्ट, जॅान स्‍टुअर्ट मिल बेट़टी फ्रायडन इत्‍यादि को उनके उस दौर में स्‍त्री प्रश्‍नों के इर्द-गिर्द विमर्श करने के कारण ''नारीवादी'' माना जाता हैा
          नारीवाद ने जेंडर पहचान के निर्माण के विषय में अनेकानेक विचार प्रदान किये है और महिलाओं की शक्तिहीनता उत्‍पीड़न तथा आधीनीकरण की व्‍यवस्थित सैद्धातिक व्‍याख्‍या दी है। सभी नारीवादी चिंतक एवं लेखक इस शब्‍द के प्रयोग के पहले से इस कल्‍पना को जीते आये है कि एक दिन ऐसी दुनिया होगी जहां स्त्रियां अपनी व्‍यक्तिगत क्षमता को पहचान सकेगी। इसकी रुपरेखा बनाते हुए कुछ विचारकों ने इसे अवधारणात्‍मक रुप भी प्रदान किया हालांकि लम्‍बे समय तक नारीवादी ज्ञान को अनौपचारिक तथा अवैध समझा जाता रहा।आधुनिक नारीवादियों के लिए यह अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण कार्य था कि वे नारीवादी विचारों को स्त्रियों के व्‍यापक समूहों के बीच प्रसारित करते हुए उसके प्रति आस्‍था पैदा करें। साथ ही यह भी महत्‍वपूर्ण था कि कई स्त्रियां विभिन्‍न कारणों से स्‍वयं का नारीवादी कहलाना पसंद नहीं करती थीं।
          यह भी सत्‍य था कि कोई भी स्‍त्री जो स्‍वयं को नारीवादी कहलाना पसंद करे उसकी अनिवार्यता एक ही विचार में आस्‍था रखना हो यह भी आवश्‍यक नहीं। मतों के इस विविधता को एक ही विचारधारा में समाहित करना लगभग असंभव है।  इसलिए इसके अच्‍छे बुरे अनेक कारणों की वजह से नारीवाद शब्‍द का बहुवाचिक तथा बहुसन्‍दर्भिक प्रयोग अनिवार्य हो गया। इसीलिए इन वर्षो में नारीवाद का विभिन्‍न धाराओं में बंट जाना एक सामान्‍य बात थी। ये धारायें अक्‍सर बिल्‍कुल अलग-अलग परिकल्‍पनाओं और पहलुओं को प्रतिबिम्बित करती हैं । लेकिन नारीवाद की सभी धारायें समाज में हो रहें स्‍त्री शोषण को समाप्‍त करने के मुख्‍य लक्ष्‍य पर एक मत है। इस प्रकार नारिवाद निम्नलिखित धाराओं/सिद्धांतों के साथ अग्रसर है।   
          उदारवादी नारीवाद, मार्क्‍सवादी/समाजवादी नारीवाद, उग्र नारीवाद, अश्‍वेत नारीवादी, पर्यावरणीय नारीवादी, उत्‍तर आधुनिक नारीवाद, लेस्बियन नारीवादी जैसी कई धारायें हैं जिनमें से पहले की तीन-चार सैद्धान्तिक विचारधारायें है जिन पर ज्‍यादा चर्चा की जाती है।


Thursday, 14 May 2015

इक्कीसवीं सदी और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मायने


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की कल्पना की शुरुआत 20वीं सदी के प्रथम चरण से ही हो चुकी थी। यह ऐसा दौर था जब औद्योगिक जगत में एक व्यापक उथल-पुथल हो रहा था और साथ ही कई क्रांतिकारी विचार भी आने लगे थे। महिलाएं भी अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने एवं अपने दमन और उत्पीड़न के खिलाफ एक जुट होकर बड़े बदलाव की तरफ उन्मुख हो रही थीं। वर्ष 1910  में कोपनहेगन में संपन्न हुए श्रमिक महिलाओं के द्वितीय विश्व सम्मेलन में पहली बार जर्मनी की महिला नेत्री एवं चिंतक क्लारा जेटिकन ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का प्रस्ताव रखा और 1911 में इस पर सहमति बन गयी। यह मुख्य रूप से महिलाओं के काम के अधिकार, वोट देने के अधिकार तथा उनकी सार्वजनिक जीवन में सक्रिय सहभागिता आदि मुद्दों पर केंद्रित था । वर्ष 1975 में अंतर्राष्ट्रीय महिला वर्ष की घोषण के साथ संयुक्त राष्ट्र द्वारा इस बात की भी घोषणा की गयी कि प्रत्येक वर्ष 8 मार्च के दिन को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाएगा ।

            21वीं सदी निःसंकोच इस बात की गवाह है कि महिलाओं की स्थिति और उनके बारे में सामाजिक नजरिए में बदलाव आया है। भारत सहित वैश्विक पटल पर महिलाएं अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई संगठन महिलाओं के आर्थिक, राजनैतिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए प्रयासरत हैं। महिलाओं के लिए प्लेटफॉर्म फॉर एक्शन जो 1995 में बीजिंज में तैयार किया था। इसे चौथा विश्व महिला सम्मेलन के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन जब हम दूसरे पहलू की तरफ दृष्टि डालते हैं तो हम इस बात पर सोंचने को मजबूर हो जाते हैं कि क्या वास्तव में महिलाओं के प्रति समाज के लोगों का सकारात्मक दृष्टिकोण है ? यदि ऐसा है तो क्यों महिलाओं के प्रति हो रही हिंसा का ग्राफ दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है ? लिंगानुपात में गिरावट दर्ज की जा रही है । महिला दिवस की सार्थकता सही मायने तभी पूर्ण हो सकती है , जब विश्व भर में महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक एवं राजनैतिक स्वायत्तता प्राप्त हो पाएगी । एक जेंडर संवेदनशील समाज की स्थापना हो । इसी दिशा में हमें अग्रसर होना है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2015 की विषय वस्तु मेक इट हैपेन रखा गया है। अर्थात हम यह कह सकते हैं कि अब महिला अधिकारों और उनके प्रति दुराग्रहों को दूर कर नए अवसरों तक उनकी पहुंच को संभव बनाना ही है।  वर्ष 2015 में बीजिंग+20 का आयोजन होना रहा है। जिसमें महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, कन्या शिशु, महिला शिक्षा, निर्णय की भूमिका आदि विषयों को चर्चा के केंद्र में रखा जाना है। यह ऐसे मुद्दे हैं जो समकालीन परिस्थितियों में समीचीन हैं।


मनोज कुमार गुप्ता 'पथिक'
शोधार्थी- पीएच. डी (स्त्री अध्ययन)
म. गां.. अं. हिं. वि. वि., वर्धा
ICSSR Doctoral fellow